महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट पर बोले सौरव गांगुली,  बीसीसीआई प्रमुख बनने के अगले ही दिन उठाएंगे मुद्दा


नई दिल्ली | भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के भावी अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बुधवार को संकेत दिया कि टीम इंडिया के साथ महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य पर कोई जल्दबाजी में निर्णय नहीं लिया जाएगा। गांगुली ने कहा है कि वह पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर 24 अक्टूबर को चयनकर्ताओं से बात करेंगे। गांगुली के आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष बनने के दो दिन बाद 24 अक्टूबर को भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाली टी-20 सीरीज के लिए टीम चुनी जाएगी। पहले यह चयन 21 अक्टूबर को होना था।
धोनी ने मैनचेस्टर में हुए आईसीसी वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में विराट कोहली एंड कंपनी की हार के बाद से अब तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। यही वजह है कि पूर्व कप्तान के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
सौरव ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के पदाधिकारियों के साथ अनौपचारिक बैठक के बाद कहा “हमें पहले यह पता लगाना होगा कि धोनी खुद क्या सोच रहे हैं। मैं इस बारे में चयनकर्ताओं से बात करूंगा जब हम 24 अक्टूबर को मिलेंगे और फिर हमें देखना होगा कि क्या किया जा सकता है।”
भारतीय टीम अपने घर में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी जो तीन नवंबर से शुरू होगी। इसके बाद दोनों टीमें दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेंगी। विश्व कप के बाद से धोनी टीम के साथ नहीं हैं।