हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग जारी है। राज्य की सिरसा विधानसभा सीट पर जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा तुर्क दुष्यंत चौटाला ट्रैक्टर पर वोट डालने पोलिंग बूथ पर पहुंचे। दुष्यंत के साथ उनकी मां नैना चौटाला भी ट्रेक्टर पर सवार थीं।
मीडिया से बातचीत में दुष्यंत ने कहा कि हरियाणा के लिए बदलाव चाहते हैं। इसलिए हम पोलिंग बूथ पर ऐसे साधन से पहुंचे हैं जो हमारी पहचान है। दुष्यंत ने प्रदेश में अपनी पार्टी की सरकार बनने का भरोसा व्यक्त किया। जेजेपी ने इस नेता ने कहा कि कांग्रेस के बागी व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के समर्थन से उनकी पार्टी को अधिक से अधिक सीटे जीतने में मदद मिलेगी।
जेजेपी नेता ने कहा कि बूंद-बूंद से सागर भरता है। इसलिए लोग हमारी पार्टी में शामिल हो रहै है और इससे पार्टी का जनाधार मजबूत होगा। प्रदेश की राजनीति में दुष्यंत चौटाला को उनके परदादा और उप प्रधानमंत्री देवीलाल की राजनीतिक विरासत का सही वारिस माना जा रहा है। इस बार चौटाला परिवार से अभय सिंह, दुष्यंत सिंह, नैना सिंह, रंजीत सिंह और आदित्य देवी लाल चुनाव मैदान में हैं।
दुष्यंत चौटाला जींद जिले के उचाना कलां से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी पार्टी ने प्रदेश की सभी 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। दूसरी तरफ दुष्यंत के चाचा और देवीलाल के पोते अभय सिंह चौटाला सिरसा की एलनाबाद सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं मौजूदा विधायक नैना सिंह चौटाला जेजेपी की तरफ से भिवानी के बधरा से चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने चौटाला परिवार के आदित्य देवी लाल को सिरसा के डबवाली से अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं देवीलाल के पोते रंजीत सिंह सिरसा के ही रानिया से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने रंजीत को अपनी पार्टी की तरफ से टिकट देने से इनकार कर दिया था।
ट्रैक्टर से वोट डालने पहुंचे चौटाला, मां और पत्नी भी थीं सवार