जर्मनी के व्यक्ति का दांत दुनिया में सबसे लंबा, 3.7 सेंटीमीटर; गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज


बर्लिन. जर्मनी में पिछले साल मिजो वोडोपिजा का दांत निकाला गया था। इसकी लंबाई 1.46 इंच (3.7 सेंटीमीटर) है। यह दुनिया का सबसे लंबा दांत है। इस वजह से मिजो का नाम मंगलवार को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। पहले यह रिकॉर्ड भारत के उर्विल पटेल के नाम था। 
मिजो मूलत: क्रोएशिया का रहने वाला है। हालांकि, पिछले कुछ सालों से जर्मनी के मैंज शहर में रहता है। डॉक्टर मैक्स लुकास ने बताया कि मिजो ने पहले तेज दर्द की शिकायत की थी। जांच के बाद पिछले साल सितंबर में इसके दांत को निकाला गया। डॉक्टरों ने एक्सरे देखने के बाद मिजो के दांत को अविश्वसनीय और हैरान करने वाला करार दिया। डॉ. मैक्स ने बताया कि मिजो जब मेरे पास आया तो उसके मुंह में सूजन और इंफेक्शन भी था। हमने इसे फौरान निकालने की सलाह दी। क्योंकि इस स्थिति में कुछ और इलाज नहीं किया जा सकता था।
इस हफ्ते दिया जाएगा सर्टिफिकेट
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने कहा कि मिजो के दांत की लंबाई 3.72 सेंटीमीटर (1.46 इंच) है। यह दुनिया में अब तक मिला सबसे लंबा मानवीय दांत है। उसे इस हफ्ते सर्टिफिकेट दिया जाएगा। डॉ. मैक्स ने रिकॉर्ड को दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था और इस पूरी प्रक्रिया में एक साल का वक्त लगा।


भारतीय  के नाम पर था पिछला रिकॉर्ड 
इससे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात के छात्र उर्विल पटेल के नाम था। फरवरी 2017 में 1.44 इंच (3.66 सेमी) लंबा उर्विल का दांत निकाला गया था। आमतौर पर एक सामान्य दांत के ऊपरी हिस्से की लंबाई 8.70 मिलीमीटर और जड़ की लंबाई 15.51 मिलीमीटर होती है।